श्री देशना
───── ✦ ─────
← सभी लेख

श्री देशना संग्रह

पाल पोष समरथ किया ,जन्म दिया जिन देव ।

14 जनवरी 2026

───── ✦ ─────


पाल पोष समरथ किया ,जन्म दिया जिन देव ।

धन्यवाद पित मात को ,करों कवन विधि सेव ।।

धन्यवाद जननी तुझे, जन्म दिया सह कष्ट ।

पीड़ा सहती पालती , कर हर बाधा नष्ट  ।।


रखकर अपनी गोद में , दिया धान्य धन धाम ।

धन्यवाद माता धरा ,शत् शत् तुझे प्रणाम  ।।

धन्यवाद वन बाग को , देते हैं फल फूल ।

 रखते अपनी छाँव में ,शीश धूप धर धूल ।।

धन्यवाद देवा पवन ,पाल रहे नित प्राण ।

 स्वाँस स्वाँस तेरी रिणी, तूँ ही जीवन त्राण  ।।

 धन्यवाद है जलद को ,देता शीतल नीर ।

हरता बढ़ते ताप को ,शीतल करे समीर ।।

धन्यवाद तुमको अनल ,तन को देते ताप ।

पिघला तन के रक्त को ,जीवित रखते आप ।।

धन्यवाद कैसे करूँ ,जीवन के आधार  ।

जल थल नभ भू सबही को,  वन्दन बारम्बार ।।

ठाकुर दास शर्मा, बाँदा 

उत्तर प्रदेश

टिप्पणियाँ