श्री देशना
───── ✦ ─────
← सभी लेख

श्री देशना संग्रह

विश्व हिंदी दिवस

10 जनवरी 2026

───── ✦ ─────

-अक्षय राज शर्मा


प्रत्येक वर्ष की 10 जनवरी को न केवल भारत देश में बल्कि विश्व के विभिन्न देशों में भी 'विश्व हिंदी दिवस' मनाया जाता है। हर साल इस दिवस को मनाते हुए एक थीम-विशेष भी रखा जाता है, जैसे पिछले साल यानी 2025 में इस दिन थीम रखा गया था - "एकता और सांस्कृतिक गौरव की वैश्विक आवाज।"

इसी तरह इस बार विश्व हिंदी दिवस को थीम रखा गया है - "हिंदी: पारंपरिक ज्ञान से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तक।"

यद्यपि भारत में "हिंदी-दिवस" 14 सितंबर को मनाया जाता है लेकिन विश्व स्तर पर 10 जनवरी को और दोनों का मुख्य उद्देश्य हिंदी भाषा का प्रचार-प्रसार करना। इन्हीं सब प्रयासों से आज हिंदी विश्व-स्तर पर तीसरी संपर्क-भाषा के रूप में उभर कर सामने आई है।


इस वर्ष विश्व हिंदी दिवस का जो थीम है,उसका उद्देश्य यह दिखाना है कि हिंदी न केवल एक समृद्ध भाषा है, बल्कि टेक्नोलॉजी और इनोवेशन की दुनिया में तेजी से अपना स्थान-विशेष बनाती जा रही है। आज हिंदी भाषा को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे आधुनिक क्षेत्र में अत्यधिक सफलतापूर्वक प्रयोग किया जा रहा है। इस दिशा में भारत सरकार भी हिंदी को कोडिंग, डिजिटल प्लेटफार्म और नई टैक्नोलॉजी के साथ कम्पैटिबल बनाने के लिए लगातार कोशिश कर रही है जिससे हिंदी भाषा आज के डिजिटल युग में और ज्यादा प्रभावी सिद्ध हो सके।


सबसे पहले विश्व हिंदी सम्मेलन 10 जनवरी, 1975 को नागपुर में मनाया गया था। आज विश्व हिंदी दिवस पोर्ट लुईस, स्पेन,लंदन, न्यूयार्क, जोहान्सबर्ग सहित अन्य अनेक देशों में पूरे उत्साह से मनाया जाता है। दुनिया भर के लोग आज हिंदी की भाषायी ताकत और उसके बढ़ते दायरे के महत्व को समझते हुए हिंदी भाषा को जानने, समझने और उसे अपनाने की ओर उन्मुख हो रहे हैं। हिंदी न केवल भारत बल्कि विश्वभर में संपर्क भाषा के रूप में गौरवशाली स्थान पा रही है जो विश्व बंधुत्व की भावना ओत-प्रोत है, मानवीय भावनाओं को प्रतिस्थापित करने का आदर्श स्रोत भी है। आइए, "हिंदी में गाएँ-गुनगुनाएँ: सभी को गले लगाएँ।।"

टिप्पणियाँ